अलीगढ़: सीएम योगी की अपराधियों को खुली चेतावनी, बोले- सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों का होगा राम नाम सत्य

सीएम योगी ने कहा कि हमारे त्योहार केवल उत्सव नहीं इनमें इतिहास छुपा हुआ है। उन्होंने कहा कि आज की तरह पहले बरसाना और वृंदावन की होली नहीं होती थी। इसे हमने आज वर्ल्ड क्लास के रूप में बनाया है। दुनिया आज यहां पर आती है। इस बार होली के दिन बरसाना में 10 लाख लोग आए थे। वहीं 2017 से पहले 20 से 25 हजार लोग ही आते थे।

डिजिटल डेस्क, अलीगढ़। प्रदेश में कभी कोई सोचता था कि यहां बेटी और व्यापारी रात को निडर होकर घर से निकल सकते हैं, लेकिन आज यह संभव है। हम सिर्फ राम को ही नहीं लाएं हैं बल्कि बेटी और व्यापारियों की सुरक्षा के लिए खतरा बनने वाले का राम नाम सत्य भी करवा देते हैं। प्रभु राम का नाम लेकर जीवन यापन करते हैं। बिना उनके कोई काम नहीं होता है। वहीं जो समाज की सुरक्षा के लिए खतरा बनेगा उसका राम नाम सत्य भी तय है। 10 वर्ष पहले जो सपना आपने देखा था, आज वह हकीकत बन गया है।

देश में मोदी सरकार की गूंज

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश में लोकसभा चुनाव 2024 का शंखनाद हो चुका है। वहीं दूसरे चरण में अलीगढ़ वासियों को भी मतदान करना है। देश में पहली बार 18वीं लोकसभा का चुनाव ऐसे हैं, जिसमें लोगों को कयास लगाने की जरूरत नहीं है। सभी को परिणाम पता है। यह पिछले 10 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किए गए ऐतिहासिक कार्यों का परिणाम है। पूरे देश में उत्तर, पूरब, पश्विम और दक्षिण में तीसरी बार मोदी सरकार यही आवाज गूंज रही है। आज हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नए भारत के दर्शन कर रहे हैं। वर्तमान में दुनिया में देश का सम्मान बढ़ा है, सीमाएं सुरक्षित हुई हैं। इतना ही नहीं आतंकवाद और नक्सलवाद समाप्त हुआ है जबकि देश में इंफ्रास्ट्रक्चर के आधुनिक कार्य हो रहे हैं।

आज गाजियाबाद से अलीगढ़ का मार्ग सिक्स लाइन का बन गया है। आज यहां सीमेंट की फैक्ट्री है, प्रदेश दंगा और कर्फ्यू मुक्त हो गया है। वहीं कावड़ यात्रा धूमधाम से निकल रही है। दुनिया में अलीगढ़ के हस्तशिल्पी और कारीगरों को सम्मान मिल रहा है। अलीगढ़ में डिफेंस कॉरिडोर का एक नोड बनने की कार्यवाही चल रही है। राजा महेंद्र प्रताप सिंह के नाम पर एक विश्वविद्यालय बनने जा रहा है। श्रमिकों और अनाथ बच्चों के लिए अटल आवासीय विद्यालय बनकर तैयार हो गया है, जिसकी बिल्डिंग वर्ल्ड क्लास इंफ्रास्ट्रक्चर का उदाहरण है। ये सब आपके एक वोट से हुआ है।

रामलला ने अयोध्या में खेली होली

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमारे त्योहार केवल उत्सव नहीं हैं बल्कि इनमें इतिहास छुपा हुआ है। उन्होंने कहा कि आज की तरह पहले बरसाना और वृंदावन की होली नहीं होती थी। इसे हमने आज वर्ल्ड क्लास के रूप में बनाया है। दुनिया आज यहां पर आती है। इस बार होली के दिन बरसाना में 10 लाख लोग आए थे। वहीं 2017 से पहले 20 से 25 हजार लोग ही आते थे। सीएम ने कहा कि 500 वर्षों के बाद रामलला ने भी इस बार अयोध्या में होली खेली है। 2014 और 2017 से पहले यह सब सपना था, लेकिन आज यह हकीकत बन गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत की बात कही है। यह तब होगा जब उत्तर प्रदेश विकसित होगा। वहीं उत्तर प्रदेश तब विकसित होगा जब अलीगढ़ विकसित होगा और यह तब होगा जब यहां मां लक्ष्मी का प्रतीक कमल खिलेगा।

सीएम योगी ने कहा कि जब आपका कीमती वोट सही दिशा में जाता है तो देश नए कीर्तिमान गढ़ता है। वहीं जब गलत दिशा में गया था तो देश भ्रष्टाचार के गर्त में डूब गया था, अराजकता और उपद्रव के संकट में जूझता था। देश में कर्फ्यू और अराजकता फैलती थी। ऐसे में हमे अपने एक-एक वोट की कीमत को समझना है और सही दिशा में वोट करना है ताकि देश दुनिया में भारत अगले तीन वर्ष में तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन सके। कार्यक्रम में बीजेपी जिलाध्यक्ष चौधरी कृष्ण पाल सिंह, महानगर अध्यक्ष इं. राजीव शर्मा, राष्ट्रीय लोक दल के जिलाध्यक्ष चौधरी काली चरण सिंह और प्रदेश सरकार के मंत्री संदीप सिंह, मंत्री और हाथरस से बीजेपी के प्रत्याशी अनूप वाल्मिकी आदि मौजूद रहे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

*
*

Back To Top